
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख 20 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए हैं। रुद्री थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव में एक नवनिर्मित मकान के अंदर बिना वैध अनुज्ञप्ति के पटाखों का भंडारण किया गया था। पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय शुभम देवांगन के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान रुद्री थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बिना लाइसेंस के बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान मकान में विभिन्न कंपनियों के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने मौके से कुल 10 खांची और एक कार्टून में रखे पटाखे जब्त किए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पटाखों का भंडारण बिक्री के उद्देश्य से किया गया था। मामले में ग्राम भटगांव, थाना रुद्री निवासी शुभम देवांगन (20) के खिलाफ बिना वैध अनुज्ञप्ति पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध पटाखा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।



















