

छत्तीसगढ़ : रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रस्तावित बस्तर दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है। इस दौरे के दौरान उन्हें भारत रत्न सचिन तेंदुलकर के साथ एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से यह दौरा टाल दिया गया।
सचिन के कार्यक्रम में भी बदलाव, अब सीमित रहेगा दौरा
मुख्यमंत्री के दौरे में बदलाव के बाद सचिन तेंदुलकर के कार्यक्रम में भी संशोधन किया गया है। पहले उनका कार्यक्रम गीदम ब्लॉक के जांवगा और पनेड़ा सहित कई स्थानों पर तय था, लेकिन अब वे केवल छिंदनार का दौरा करेंगे।
मौसम और सुरक्षा बने वजह, आधिकारिक बयान का इंतजार
जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हो रही है। ऐसे मौसम और संभावित सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह फैसला लिया गया। हालांकि अभी तक इस बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
छिंदनार में तैयारियां पूरी, लोगों में उत्साह बरकरार
इंद्रावती नदी के किनारे बसे छिंदनार गांव में सचिन तेंदुलकर के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय लोगों में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दंतेवाड़ा के स्कूलों में खेल क्रांति, 25 संस्थानों को मिला फायदा
दंतेवाड़ा जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 25 स्कूलों और आश्रमों में खेल मैदान विकसित किए गए हैं। इसमें गीदम ब्लॉक के कई स्कूल, पोटाकेबिन और आश्रम शामिल हैं, जहां बच्चों को खेल के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
छोटी जगह में बड़ा खेल, शिक्षकों को भी दिया जा रहा प्रशिक्षण
सचिन तेंदुलकर के फाउंडेशन द्वारा यह पहल चलाई जा रही है, जिसमें स्कूलों में सीमित जगह में भी खेल मैदान विकसित करने का मॉडल तैयार किया गया है। इसके साथ ही शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि बच्चों में खेल प्रतिभा को निखारा जा सके।
खेल के जरिए भविष्य संवारने की पहल
यह पहल न केवल बच्चों के शारीरिक विकास को बढ़ावा दे रही है, बल्कि उन्हें अनुशासन और टीमवर्क जैसी महत्वपूर्ण सीख भी दे रही है। बस्तर जैसे क्षेत्र में यह प्रयास बच्चों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

































