

बलरामपुर: बलरामपुर जिले में आम नागरिकों को कानून के प्रति जागरूक करने और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में चलित थाना लगाकर लोगों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रेरणादायी जीवन से अवगत कराया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जून से 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (IPS)के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वादीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अभियान संचालित किया जा रहा है।अभियान के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों और हाट-बाजारों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद कर रहे हैं। लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता में योगदान की जानकारी देने के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रमुख प्रावधानों, नए आपराधिक कानूनों में हुए बदलाव, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।इसके अलावा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान नागरिकों की समस्याएं भी सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
बलरामपुर पुलिस के अनुसार अब तक जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान से 3,000 से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। आमजन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून संबंधी जानकारी प्राप्त करें, स्वयं जागरूक बनें और जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।











