

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी कथित भविष्यवाणियों और चमत्कारी दावों के लिए चर्चित स्वयंभू ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री उर्फ 'चावल वाले बाबा' को दुष्कर्म के आरोप में बागबाहरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रायपुर के सिलयारी निवासी आरोपी पर एक महिला ने इलाज के बहाने विश्वास में लेकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार मामला वर्ष 2023 का है। पीड़िता लंबे समय से शारीरिक दर्द से परेशान थी और उपचार की उम्मीद में बाबा के संपर्क में आई थी। आरोप है कि आरोपी ने महिला की परेशानी और अंधविश्वास का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी थी, लेकिन सामाजिक बदनामी और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सकी।काफी समय बाद साहस जुटाकर पीड़िता ने 6 मई को बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि नरेंद्र नयन शास्त्री ग्रामीण क्षेत्रों में 'चावल वाले बाबा'और 'चाय वाले बाबा' के नाम से प्रसिद्ध था। वह चावल और लाल फूल के माध्यम से लोगों का भूत-भविष्य बताने का दावा करता था तथा धार्मिक कथाओं के जरिए लोगों के बीच अपनी पहचान बना चुका था।शिकायत की जांच के बाद बागबाहरा पुलिस की विशेष टीम ने मंगलवार को रायपुर के सिलयारी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे पूछताछ के लिए महासमुंद लाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




















