भोपाल: बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) से संबद्ध निजी बीएड कॉलेजों की मान्यता और संबद्धता को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। नए शैक्षणिक सत्र के लिए विश्वविद्यालय से संबद्ध 127 निजी बीएड कॉलेजों ने आवेदन किया था, जिनकी जांच और निरीक्षण के दौरान 30 कॉलेजों में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं।

औचक निरीक्षण के दौरान विदिशा रोड स्थित श्रीराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन का धरातल पर कोई अस्तित्व नहीं मिला, जबकि विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में यह कॉलेज पिछले दस वर्षों से संबद्ध बताया गया है। इस खुलासे के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और संबद्धता प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने पूरे प्रकरण की जांच किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराने का निर्णय लिया है। जांच में उन मामलों को भी शामिल किया जाएगा, जिनमें कार्यपरिषद की मंजूरी से पहले ही कॉलेजों की प्रोफाइल को ई-पोर्टल पर स्वीकृत कर अपलोड किए जाने की बात सामने आई है।इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता भगवान सिंह राजपूत ने मार्च माह में उच्च शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन को शिकायत भेजकर श्रीराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन की वैधता पर सवाल उठाए थे।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि एचएल अग्रवाल बीएड कॉलेज और एचएल अग्रवाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, इटारसी को एक ही पते पर संचालित दर्शाया गया था, जबकि मौके पर निरीक्षण के दौरान वहां कोई भवन तक मौजूद नहीं मिला।अब विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच रिपोर्ट और आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!