Rajnandgaon : समाज सेविका और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित Phoolbasan Bai Yadav के कथित अपहरण प्रयास ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे थे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

वाहन चेकिंग के दौरान खुला पूरा मामला

यह घटना 5 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। गडुला रोड इलाके में ट्रैफिक इंस्पेक्टर नवरत्न कश्यप, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव और सुखदेव साहू नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका गया।

पुलिस के अनुसार वाहन में मौजूद लोगों ने शुरुआत में बीमारी का बहाना बनाकर टीम को भ्रमित करने की कोशिश की। कार में पीछे बैठी फूलबासन बाई की स्थिति संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस को शक हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उन्हें मिर्गी की मरीज बताया, लेकिन महिला के इशारों और पुलिस की सतर्कता ने पूरा मामला खोल दिया।

मिर्च स्प्रे दिखाकर धमकाने का आरोप

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने फूलबासन बाई यादव को बहला-फुसलाकर वाहन में बैठाया था और फिर उन्हें जबरन ले जाया जा रहा था। आरोप है कि उन्हें मिर्च स्प्रे दिखाकर डराया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि महिला समूह और अन्य गतिविधियों को लेकर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही थी।

इन आरोपियों को पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों में खुशबू साहू, सलोनी महेश्वरी, दिनेश बंजारे, गोपाल खेलवार और चिनक राम साहू शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी बेमेतरा और एक आरोपी दुर्ग जिले का निवासी बताया गया है।

स्कॉर्पियो, मोबाइल और मिर्च स्प्रे बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन, कई मोबाइल फोन और मिर्च स्प्रे जब्त किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है।

साहसिक कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान

इस पूरे ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma के निर्देशन में अंजाम दिया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई और सतर्कता दिखाने वाली पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। राजनांदगांव रेंज के आईजी Balaji Rao और एसपी अंकिता शर्मा ने टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!