सूरजपुर: जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में डायल 112 की आपातकालीन सेवा में तैनात आरक्षक और चालक के साथ मारपीट करने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं ट्रक आगजनी के एक अन्य मामले में भी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून 2026 की रात डायल 112 में तैनात आरक्षक निशांत टोप्पो को रायपुर पीएफटी कॉल सेंटर से सूचना मिली कि ग्राम खजुरी-सेमरसोत मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि चार युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक से मोटरसाइकिल टकराने के कारण घायल हुए थे।डायल 112 टीम पहले दो घायलों को उपचार के लिए प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाकर वापस घटनास्थल पर शेष दो घायलों को लेने पहुंची। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने वाहन को रोक लिया और देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए आरक्षक निशांत टोप्पो तथा चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा भी उत्पन्न की गई।

आरक्षक की शिकायत पर थाना प्रतापपुर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने दबिश देकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान कराए जाने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।इधर, ट्रक आगजनी के मामले में दर्ज एक अन्य अपराध में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर ट्रक में आग लगाने का आरोप है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर नरेंद्र सिंह, पीएसआई सम्पत कुमार, विकास गजेन्द्र सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!