रायपुर : राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में मामूली गिरावट और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना जताई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के ताजा बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की स्थिति नहीं देखी गई है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, रायपुर में भी पारा 43 पार

प्रदेश में बुधवार को गर्मी का असर काफी तेज रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा।वहीं रायपुर में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। इससे दिन के समय झुलसाने वाली गर्मी का असर साफ दिखाई दिया।

जगदलपुर में सबसे कम तापमान, रातों में मिली हल्की राहत

न्यूनतम तापमान की बात करें तो जगदलपुर में 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इससे कुछ इलाकों में रात के समय हल्की राहत महसूस की गई।

आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट संभव

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले 3 दिनों तक तापमान स्थिर रहने की संभावना है। हालांकि भीषण गर्मी से पूरी तरह राहत की उम्मीद अभी कम है।

तेज हवाएं और बिजली गिरने का अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी

अगले 5 दिनों के लिए मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के सभी संभागों में अलर्ट जारी किया है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।कुछ इलाकों में हल्की वर्षा भी हो सकती है, जिससे मौसम में अस्थायी बदलाव देखने को मिलेगा।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह, मौसम रहेगा अस्थिर

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप और अचानक बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहें। खासकर खुले इलाकों में बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!