सूरजपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के समयबद्ध निर्माण को लेकर जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। कलेक्टर  रेना जमील के निर्देश एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में आवास निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है।

इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजनगर  अजय मोडियम ने ऐसे हितग्राहियों की बैठक लेकर उन्हें अंतिम चेतावनी दी, जिन्होंने शासन से आवास निर्माण के लिए राशि प्राप्त करने के बावजूद बार-बार समझाइश एवं नोटिस दिए जाने के बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है।बैठक में एसडीएम श्री मोडियम ने हितग्राहियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि शासन द्वारा प्रदान की गई राशि का उपयोग केवल आवास निर्माण के लिए किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अंतिम अवसर है और अगली समीक्षा तक सभी हितग्राही अपने आवास निर्माण कार्य प्रारंभ कर उसे शीघ्र पूर्ण करें। यदि इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो संबंधित हितग्राहियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने हितग्राहियों से शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ लेकर समय-सीमा में अपना पक्का आवास पूर्ण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी हितग्राही योजना की राशि का सदुपयोग करते हुए निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

जिला प्रशासन ने सभी प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूर्ण करने की अपील करते हुए कहा है कि लापरवाही बरतने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!