

बलरामपुर: विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्कूल एवं कॉलेज बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 12 जून 2026 को शंकरगढ़, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में संयुक्त रूप से स्कूल बसों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली 13 बसों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में जिला परिवहन विभाग, पुलिस एवं यातायात टीम द्वारा अभियान चलाया गया। जांच के लिए रामानुजगंज में 20, शंकरगढ़ में 17 तथा वाड्रफनगर में 13 बसें प्रस्तुत की गईं। कुल 50 स्कूल एवं कॉलेज बसों की विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान बसों के पंजीयन प्रमाण पत्र (आरसी), परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, मोटरयान कर, चालक के लाइसेंस तथा स्पीड गवर्नर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अलावा बसों की यांत्रिक स्थिति का भी परीक्षण किया गया। हेडलाइट, ब्रेक लाइट, पार्किंग लाइट, इंडिकेटर, स्टीयरिंग, टायर, वाइपर, ब्रेक, हैंडब्रेक, क्लच, एक्सीलेटर, सीट, हॉर्न और रिफ्लेक्टर समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।जांच के दौरान शंकरगढ़ की 5 और रामानुजगंज की 8 बसों में विभिन्न प्रकार की खामियां पाई गईं। परिवहन विभाग ने कुल 13 बसों पर कार्रवाई करते हुए 14 हजार रुपये का चालान किया। साथ ही संबंधित विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित चालकों को नियमित दवा लेने की सलाह दी गई, जबकि कमजोर दृष्टि वाले चालकों को चश्मा लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बस संचालकों को क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन, वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, ताकि स्कूली बच्चों का सफर सुरक्षित और सुगम बन सके।




















