

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में युवती से दैहिक शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की वर्ष 2022 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए विक्रम सिंह नामक युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। आरोप है कि 5 अक्टूबर 2022 को आरोपी युवती के घर पहुंचा और शादी करने तथा पत्नी बनाकर रखने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया। वहां आरोपी ने युवती की मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर वर्ष 2022 से 2025 तक उसके साथ संबंध बनाता रहा। इसी दौरान मई 2025 में युवती गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में वर्ष 2026 में आरोपी ने युवती से बातचीत बंद कर दी और शादी करने से साफ इंकार कर दिया।पीड़िता की शिकायत पर बतौली थाना में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 64(2)(एम), 69 और 88 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह (22 वर्ष) निवासी गहिला (गौटियापारा), थाना बतौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, एएसआई संजय गुप्ता, आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का और महिला आरक्षक मेविश खाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















