

अंबिकापुर: स्थानीय बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में संस्थान की तीसरी वर्षगांठ और भव्य पदग्रहण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 62वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट दीपक मेहरा ने मुख्य अतिथि और अंबिकापुर डीएसपी अमृत कुजूर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह के दौरान स्कूल की नई छात्र परिषद को पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें मंच पर विशेष दायित्व सौंपे गए। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमांडेंट दीपक मेहरा और डीएसपी अमृत कुजूर ने कहा कि सच्चा नेतृत्व अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक सोच से ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को ऊर्जावान बना दिया। प्रबंधन ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भरने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।











