

सूरजपुर/रामनगर: सूरजपुर जिले के रामनगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को सजीव करने के उद्देश्य से राधा कृष्ण सेवा समिति, रामनगर द्वारा श्री रामलीला महोत्सव 2026 का आयोजन रामनगर मिनी स्टेडियम में किया जा रहा है। यह सात दिवसीय आयोजन 12 जून से 18 जून 2026 तक प्रतिदिन शाम 8 बजे आयोजित होगा। महोत्सव में श्री रामायण प्रचारक मंडल, काशी विंध्यक्षेत्र, गड़वड़ा धाम (मिर्जापुर) के कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
दरअसल इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धर्म और आदर्शों का प्रचार-प्रसार करना है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। 12 जून को दशरथ पुत्रेष्टि यज्ञ एवं श्रीराम जन्मोत्सव, 13 जून को विश्वामित्र मुनि आगमन, ताड़का वध, मारीच एवं सुबाहु वध, 14 जून को सीता स्वयंवर एवं रावण-बाणासुर संवाद का मंचन होगा। वहीं 15 जून को भगवान परशुराम-लक्ष्मण संवाद एवं सीता-राम विवाह, 16 जून को शूर्पणखा नाक छेदन एवं सीता हरण, 17 जून को लक्ष्मण शक्ति एवं श्रीराम विलाप तथा 18 जून को मेघनाद वध, रावण वध, रामराज्य अभिषेक, महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और इसके माध्यम से धार्मिक चेतना एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
राधा कृष्ण सेवा समिति, रामनगर एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से सभी श्रद्धालुओं को सपरिवार सादर आमंत्रण दिया गया है। आयोजन स्थल पर प्रतिदिन शाम 8 बजे से रामलीला का मंचन प्रारंभ होगा।





















