

बलरामपुर: सुशासन को जन-जन तक पहुँचाने और शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है।जिसके अंतर्गत आज बलरामपुर के ग्राम पंचायत चितमा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। जहां ग्रामीणजन बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रस्तुत की। जिनका निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है। शिविर में आमजनों की सुविधा के लिए पंजीयन काउंटर बनाया गया था। जिसके माध्यम से लोगों ने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन दिया।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, कृषि, उद्यान, पशुपालन सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनपद अध्यक्षसुमित्रा चेरवा, जिला पंचायत सदस्य अनीता मरकाम एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, जनपद सीईओ दीपराज कांत सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे
इस दौरान 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 2 शिशुओ का अन्नप्राशन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने शुभकामनाएं दी। महिलाओं को पोषण आहार, मातृ स्वास्थ्य जांच एवं संस्थागत प्रसव से अवगत कराया गया तथा शिशुओं के अभिभावकों को शिशु पोषण, टीकाकरण एवं देखभाल संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
शिविर में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्रों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत कर भविष्य में जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राशन कार्ड सहित विभिन्न सामग्रियों एवं स्वेच्छानुदान का वितरण किया गया।
जनसमस्या निवारण शिविर में जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने संबोधित करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं शिविरों के माध्यम से जन-जन तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के जरिए आमजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों से आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान सरल एवं सुलभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर अपनी बातों को रखने का सभी के लिए अच्छा अवसर है, जिसके द्वारा अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान आमजनों को जनजातीय गरिमा उत्सव के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से आमजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर परीक्षण सहित विभिन्न रोगों की प्राथमिक जांच की गई। ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए उन्हें उचित परामर्श प्रदान किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पूरक पोषण आहार एवं रेडी-टू-ईट वितरण की जानकारी देते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास, गर्भवती महिलाओं की देखभाल तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं को पोषण पुनर्वास केंद्र की सुविधाओं से अवगत कराया गया। बाल विवाह रोकथाम के लिए ग्रामीणों को निर्धारित आयु में अपने बच्चों का विवाह करने के प्रति जागरूक किया गया। वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी साझा की गई। श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन से प्राप्त होने वाली विभिन्न शासकीय सुविधाओं एवं योजनाओं के बारे में बताते हुए पात्र हितग्राहियों को पंजीयन कराने एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसी प्रकार अन्य विभागों ने भी अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की।
लोधी में जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न
जनपद पंचायत वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत लोधी पंचायत भवन, मिडिल स्कूल ग्राउंड परिसर में जनपद का दूसरा जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया, शिविर में उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पवन जयसवाल क्षेत्र के जनपद सदस्य, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं नागरिक गण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम अतिथियों के द्वारा सुशासन तिहार अंतर्गत विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी नीर निधि नंदेहा, जनपद सीईओ निजाम सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





















