
खैरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड का रविवार को खैरागढ़ स्थित श्री राम मंदिर परिसर में सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रखने, नई तकनीक अपनाने, साइबर धोखाधड़ी से बचने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
नशे की लत युवाओं के सपनों के सामने बड़ी चुनौती
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के युवाओं में प्रतिभा और कुछ बड़ा करने का जज्बा है, लेकिन नशे की लत उनके भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन रही है। उन्होंने नशामुक्त युवा अभियान के साथ समाज की भागीदारी को भी जरूरी बताया।
प्रधानमंत्री ने ऐसे युवाओं के अनुभव साझा किए, जिन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर नशे की आदत को छोड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने नशे से प्रभावित युवाओं से इससे बाहर निकलने और शिक्षा, खेल तथा रचनात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है।
AI और नई तकनीकों के प्रशिक्षण पर चर्चा
संबोधन में प्रधानमंत्री ने iGOT कर्मयोगी पोर्टल का उल्लेख करते हुए बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों के लाखों कर्मचारी इस मंच के जरिए नई तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रशिक्षण ले रहे है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का लगातार सीखना और आधुनिक तकनीक अपनाना प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा।
उन्होंने लोगों को यात्रा के दौरान संग्रहालयों और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करने के लिए भी प्रेरित किया। इसके साथ ही भारत के चॉकलेट और कोको आधारित उत्पादों के निर्यात में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहचान पर प्रसन्नता जताई।
संचार साथी पोर्टल से साइबर अपराध पर रोक लगाने में मदद
प्रधानमंत्री ने संचार साथी पोर्टल की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से खोए हुए मोबाइल फोन को खोजने और साइबर धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है। मोबाइल के IMEI नंबर के जरिए खोए हुए उपकरण को ब्लॉक कराने और उसकी पहचान करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने पुणे के हिमांशु सिंह और नेल्लोर के विवेक अल्हुरी के प्रयासों का उल्लेख किया। इन नागरिकों ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी देकर साइबर अपराध रोकने में सहयोग किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, उनकी सूचनाओं के आधार पर क्रमशः करीब 18 हजार और 17 हजार मोबाइल कनेक्शन बंद किए गए।
फिटनेस और खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने सर्दियों के मौसम में भी नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने फिट इंडिया अभियान और 'संडेज ऑन साइकिल' जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए लोगों को शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही खेल के क्षेत्र में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की चर्चा की।
श्री राम मंदिर परिसर में जुटे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता
खैरागढ़ के श्री राम मंदिर प्रांगण में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। इस दौरान नशामुक्त समाज, डिजिटल सुरक्षा, तकनीकी शिक्षा, खेल और बेहतर स्वास्थ्य जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
'मन की बात' के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने, तकनीक का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।











