
अंबिकापुर: गांधीनगर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी का आभूषण खरीदने के आरोप में गणेश ज्वेलर्स के संचालक शिवम खरात को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 4 नग चांदी के ब्रेसलेट और एक नग गला हुआ चांदी बरामद किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 111 और 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा नेहरू छात्रावास के पीछे निवासी निधि सोनी (27) ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे से 30 सितंबर की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनकी ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 15 नग चांदी के ब्रेसलेट सहित आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई थी।मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 616/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी शिवांग चौहान उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर एक आर्टिफिशियल हार और कान का झुमका झाड़ियों से बरामद किया गया था। इसके बाद मामले में संलिप्त आरोपी इरफान अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया।पुलिस रिमांड के दौरान शिवांग चौहान उर्फ राहुल और इरफान अंसारी से पूछताछ में चोरी के सामान को गणेश ज्वेलर्स के संचालक शिवम खरात को बेचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने ब्रम्ह रोड पंचशील गली, थाना कोतवाली अंबिकापुर निवासी शिवम खरात (19), पिता काका खरात, से पूछताछ की।आरोपियों के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने शिवम खरात के कब्जे से चोरी के 4 नग चांदी के ब्रेसलेट और एक नग गला हुआ चांदी बरामद किया। आरोपी के खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, चोरी गए शेष सामान की बरामदगी और अन्य आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, सत्येंद्र दुबे, मनीष सिंह सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।











