
बलरामपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में शासकीय हाई स्कूल ग्राउंड पर आयोजित करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज की पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के ध्येय के साथ शुरू हुए इस क्लिनिक का उद्देश्य बुजुर्गों को उनकी जरूरत के हिसाब से विशेष स्वास्थ्य सेवाएं देना है।
बढ़ती उम्र में जोड़ों का दर्द, कमजोरी और चलने-फिरने में तकलीफ जैसी समस्याएं आम हैं। ऐसे में इलाज के लिए दूर जाना बुजुर्गों के लिए मुश्किल होता है। वृद्धजन क्लिनिक में अलग पंजीयन काउंटर बनाया गया है, जहां पंजीयन के बाद बुजुर्ग डॉक्टर से जांच और परामर्श ले सकेंगे। क्लिनिक में जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी की सुविधा भी है। यहां व्यायाम उपकरण, इन्फ्रारेड थेरेपी और मसाज चेयर के जरिए दर्द व जकड़न से राहत दी जाएगी। आयुष पद्धति से शिरोधारा जैसी पारंपरिक थेरेपी भी मिलेगी।इस पहल से जिले के बुजुर्गों को जांच, परामर्श और थेरेपी की सुविधा एक ही छत के नीचे मिल सकेगी, ताकि वे सक्रिय, स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।











