
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: धान खरीदी केंद्रों में पुराने धान की बिक्री पर रोक लगाने प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में लखनपुर धान उपार्जन केंद्र में पुराने धान की बिक्री करने पहुंचे किसान का 52 क्विंटल धान जब्त करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही संबंधित किसान से रकबा समर्पण भी कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर, शुक्रवार को देवमती साहू पति बनवारी साहू के नाम से 52 क्विंटल धान बिक्री के लिए टोकन जारी हुआ था। उनके पुत्र विजय कुमार साहू द्वारा 138 बोरियों में भरकर धान बिक्री के लिए लखनपुर धान उपार्जन केंद्र लाया गया था। इस दौरान समिति प्रबंधक चंद्र प्रताप सिंह एवं समिति प्रभारी समीम खान द्वारा धान की जांच की गई। जांच के दौरान धान पुराना पाए जाने पर इसकी सूचना तत्काल तहसीलदार अमन चतुर्वेदी को दी गई।
सूचना मिलते ही तहसीलदार अमन चतुर्वेदी धान खरीदी केंद्र पहुंचे और मौके पर पंचनामा तैयार कर 52 क्विंटल यानी 138 बोरी पुराने धान को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित किसान से रकबा समर्पण की कार्रवाई कराते हुए जब्त धान को समिति प्रबंधक के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद तहसीलदार अमन चतुर्वेदी ने समिति प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी केंद्रों में किसी भी किसान द्वारा पुराना धान बिक्री के लिए लाया जाता है तो तत्काल जांच कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।











