भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज होने जा रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इस महाद्वीपीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला शाम 4:35 बजे निर्धारित है। भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।

चौथी बार चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम इस बार मौजूदा चैंपियन के तौर पर टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है। टीम अब तक तीन बार इस प्रतियोगिता का खिताब जीत चुकी है और पिछले दो संस्करणों में लगातार ट्रॉफी अपने नाम की है।

दक्षिण कोरिया भी तीन बार यह खिताब जीत चुका है। ऐसे में भारतीय टीम के पास चौथी बार चैंपियन बनकर प्रतियोगिता के इतिहास में सबसे सफल टीम का दर्जा हासिल करने का अवसर है। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा भी टीम इंडिया को मिल सकता है।

पहले दिन खेले जाएंगे तीन मुकाबले

टूर्नामेंट के शुरुआती दिन दर्शकों को तीन रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, पहला मैच दोपहर 1 बजे चीन और थाईलैंड के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे जापान और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे। दिन का अंतिम मुकाबला भारत और मलेशिया के बीच शाम 4:35 बजे होगा।

भारतीय टीम लीग चरण में कुल पांच मैच खेलेगी। मलेशिया के बाद उसका सामना 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से होगा।

900 करोड़ की लागत से तैयार हुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

नाथू बरखेड़ा में बने अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं तैयार की गई हैं। इस आयोजन के जरिए भोपाल को बड़े खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की भी कोशिश है।

सुखविंदर सिंह देंगे प्रस्तुति, उद्घाटन में शामिल होंगे CM

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए मशहूर गायक सुखविंदर सिंह अपनी प्रस्तुति देंगे। वह चक दे इंडिया और जय हो जैसे लोकप्रिय गीतों से दर्शकों में उत्साह भरेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव भी उद्घाटन सत्र में मौजूद रहेंगे। इस आयोजन से भोपाल में हॉकी के रोमांच के साथ सांस्कृतिक उत्सव का माहौल भी देखने को मिलेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!