
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत तीन दिवसीय सरगुजा प्रवास पर पहुंचे हैं। उनके प्रवास के दौरान कांग्रेस ने संगठनात्मक सक्रियता के साथ आम जनता के बीच लोकतंत्र और मतदान के अधिकार को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।
इसी कड़ी में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और जारिता लैफ्लांग सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता लखनपुर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यालय एवं माता कर्मा चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के बीच नेताओं का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों और अभियान की रणनीति पर चर्चा की।
मोदी और ज्ञानेश की यारी देश के साथ गद्दारी : सुखदेव भगत
मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस देशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चला रही है। वोट केवल मतदान करने का अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की पहचान, अस्मिता और लोकतांत्रिक आवाज है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कथित नजदीकी पर सवाल उठाते हुए भगत ने कहा कि मोदी और ज्ञानेश की यारी देश और जनता के साथ गद्दारी है।
जनचौपाल के जरिए जनता तक पहुंच रही कांग्रेस
भगत ने कहा कि कांग्रेस जनचौपाल के माध्यम से आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवाज को सामने ला रही है। यह अभियान सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा का अभियान है। प्रत्येक नागरिक के वोट का सम्मान और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
कांग्रेस में गुटबाजी से किया इनकार
कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर सुखदेव भगत ने स्पष्ट रूप से इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में अलग-अलग विचार और व्यक्तिगत पसंद होना लोकतंत्र की जीवंत पहचान है। किसी नेता के प्रति किसी कार्यकर्ता की पसंद अलग हो सकती है, लेकिन इसे गुटबाजी नहीं कहा जा सकता। पार्टी का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के हाथों में है। सभी कांग्रेसजन पार्टी के चुनाव चिह्न पंजे के साथ एकजुट हैं।
लखनपुर में कांग्रेस नेताओं के इस दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंहदेव, जिला उपाध्यक्ष कृपा शंकर, रणविजय सिंह देव, गुप्ता, दिनेश तायल, वीरेंद्र सिंह देव, दानिश रफीक, आमिर, सोहेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











