नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले अपने राजनीतिक बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ दोस्ती की संभावना पर अपनी राय रखी है। आठवले ने कहा कि यदि 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद यूपीए की सरकार बनती है तो वह राहुल गांधी से हाथ मिला सकते हैं, लेकिन किसी भी परिस्थिति में एनडीए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ नहीं छोड़ेंगे।

गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए आठवले ने कहा कि राहुल गांधी की नाराजगी की एक वजह यह भी हो सकती है कि मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी 15 साल तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहेंगे और एनडीए 2029 का चुनाव भी पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा।

वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा

आठवले ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का समर्थन ही सत्ता तक पहुंचने का आधार होता है। चुनाव में हार के बाद मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए को उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिलीं, लेकिन गठबंधन ने चुनाव में गड़बड़ी या वोट चोरी का आरोप नहीं लगाया। आठवले ने विपक्ष से सवाल किया कि जब कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतती है, तब वोट चोरी का मुद्दा क्यों नहीं उठाया जाता?

संविधान बदलने के आरोपों को बताया बेबुनियाद

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संविधान बदलने संबंधी बयानों पर भी केंद्रीय मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा तैयार किया गया संविधान मजबूत आधार पर टिका है। इसमें बदलाव करना इतना आसान नहीं है।

आठवले ने कहा कि संविधान को लेकर विपक्ष की ओर से लोगों के बीच आशंका पैदा करना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, संविधान की मजबूती पर भरोसा बनाए रखना चाहिए।

चुनाव आयोग पर सवाल उठाने पर भी जताई आपत्ति

चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी आठवले ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाने से पहले विपक्षी दलों को अपने चुनावी प्रदर्शन और नतीजों पर भी विचार करना चाहिए।केंद्रीय मंत्री के इस बयान को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए के प्रति उनके समर्थन और विपक्ष के आरोपों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!