सूरजपुर: पत्नी की हत्या कर उसकी मौत को हादसा बताने वाले आरोपी पति को चौकी चेन्द्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी थी और पुलिस को गुमराह करने के लिए नाले में गिरने से मौत होने की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पण्डो ने 10 नवंबर 2026 को चौकी चेन्द्रा में सूचना दी थी कि 9 नवंबर को वह अपनी पत्नी लक्षंती बाई के साथ महतारी वंदन योजना की राशि चेक कराने लोक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों ग्राम टोमो स्थित अपने फुफा के घर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पत्थर पर गिर गई, जिससे उसे अंदरूनी चोट आई थी।

आरोपी ने पुलिस को बताया था कि वह पत्नी को नाले से निकालकर पास ही एक बथान के समीप आम के पेड़ के नीचे ले गया और उसकी सिकाई करने लगा। रात करीब 11 बजे जब उसने पत्नी को देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। उसने पत्नी की मौत नाले में गिरने से आई अंदरूनी चोट के कारण होना बताया था।मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 91/2026 कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। मर्ग जांच के दौरान गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि लक्षंती बाई की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि उसके पति लालू प्रसाद पण्डो द्वारा हाथ-मुक्के और लात से बेरहमी से मारपीट किए जाने के कारण आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय आरोपी पति अपनी पत्नी के साथ ही था और उसने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से झूठी कहानी बनाई थी।पुलिस ने आरोपी लालू प्रसाद पण्डो के विरुद्ध अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस में मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर चौकी चेन्द्रा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी के साथ वापस लौटते समय बेवराडांड के ईरा नाला के पानी में गिरने के बाद उसने पत्नी को उठाकर नाला पार कराया। इसके बाद जल्दी चलने के लिए कहने पर पत्नी द्वारा अपशब्द कहे जाने से वह नाराज हो गया और गुस्से में आकर हाथ-मुक्के व लात से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी चेन्द्रा सुमंत पाण्डेय, प्रधान आरक्षक लालमन राजवाड़े, आरक्षक मनोज जायसवाल, जगत पैंकरा, कमलेश्वर सिंह एवं गिरजाशंकर की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!