
सूरजपुर: सूरजपुर जिले में जंगली हाथी की लगातार आवाजाही और हमलों से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हाथी के आतंक से कई गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात करंजी चौकी क्षेत्र एवं वन परिक्षेत्र कसकेला के ग्राम सोनपुर में हाथी के हमले से एक व्यक्ति की दुखद मौत की सूचना सामने आई है। इस घटना के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, हाथी देर रात ग्राम राई की ओर से आगे बढ़ा और वर्तमान में कमलापुर-गांगीकोट के नर्सरी जंगल में उसकी मौजूदगी की सूचना है। हाथी की लोकेशन को लेकर वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। हाथी की आवाजाही को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

हाथी क्षेत्र के कुम्दा, गागीकोट और कमलापुर गांव में जमकर उत्पात मचाया है। बीती रात करीब 12 बजे हाथी कमलापुर गांव पहुंचा और सकेश्वर सिंह के घर की दीवार तोड़ दी। हाथी की अचानक दस्तक से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
वहीं, कुम्दा निवासी किसान जगदीश सिंह के खेत में फसल की निगरानी के लिए बनाई गई झोपड़ी को भी हाथी ने तोड़ दिया। इससे किसान को नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों और किसानों में भय का माहौल बना हुआ है।इससे पूर्व सकलपुर गांव में भी हाथी के कुचलने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही जनहानि और संपत्ति के नुकसान ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
हाथी की गतिविधियों पर वन विभाग और प्रशासन की टीम नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि रात के समय अकेले घर से बाहर न निकलें। हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, फोटो या वीडियो बनाने अथवा उसे भगाने की कोशिश बिल्कुल न करें। हाथी के रास्ते में न आएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।सावधानी ही सुरक्षा है। ग्रामीण अफवाहों से बचें और वन विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।











