
बालोद: जिले के आडेझर गांव में शराब के नशे में एक दामाद ने अपने मामा ससुर की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 60 वर्षीय रत्तीराम के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे महामाया थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के मुताबिक आडेझर निवासी रत्तीराम घटना के समय घर में बिस्तर पर लेटे हुए थे। इसी दौरान घर जमाई सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद करने लगा। घर में हो रहे शोर-शराबे को सुनकर रत्तीराम ने उसे टोका और चुप रहने के लिए कहा।इस बात से सुखराम इतना नाराज हो गया कि उसने पास रखी कुल्हाड़ी (टंगिया) से रत्तीराम पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल रत्तीराम की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी को खंभे से बांधा
वारदात के बाद आरोपी की पत्नी ने आसपास के ग्रामीणों को आवाज देकर बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी सुखराम नेताम को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उस समय आरोपी गाली-गलौज कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे बिजली के खंभे से बांध दिया और पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।











