
जशपुर: जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम बालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी जितेंद्र राम (5 वर्ष) का शव ग्राम सन्ना में एक खेत के गड्ढे में बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदेही आरोपी वासुदेव उर्फ टांगनु को हिरासत में लिया है। फिलहाल उससे हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
दो दिन से लापता था मासूम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 5 वर्षीय पुत्र जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालक 5 नवंबर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 7 नवंबर की सुबह ग्राम सन्ना में बहादुर नामक व्यक्ति के खेत में स्थित एक गड्ढे में बालक का शव बरामद हुआ। शव बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ था।
हत्या का मामला दर्ज, संदेही हिरासत में
घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हत्या का अपराध पाए जाने पर थाना सन्ना पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 137(1)(ख) एवं 238(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया।विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम गोरियापाठ चलनी निवासी वासुदेव उर्फ टांगनु को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है।
मृतक के पिता का रिश्तेदार है संदेही
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि हिरासत में लिया गया संदेही वासुदेव उर्फ टांगनु मृतक के पिता का ममेरा भाई है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में विस्तृत जानकारी अलग से जारी किए जाने की बात पुलिस ने कही है।फिलहाल मासूम की हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।











