
सूरजपुर: सूरजपुर जिले के थाना भटगांव क्षेत्र में हुई लूट और डकैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूट की नकदी, मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल चाकू और वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार सहित करीब 4 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे ग्राम अधिना सलका की है। यहां रहने वाले राधेश्याम सिंह (35 वर्ष) ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चार अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर स्टॉल बांधकर उनके घर में घुसे। आरोपियों ने चैनल गेट का ताला खोलकर घर में प्रवेश किया और बच्चों के गले पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अलमारी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।प्रार्थी की शिकायत पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
200 से अधिक CCTV कैमरों ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों तक लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार नजर आई। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
नकदी, मोबाइल, चाकू और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू, विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन और वारदात के दौरान मुंह बांधने के लिए इस्तेमाल किए गए चार स्टॉल बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 10 FA 6395 को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपये है।
गिरफ्तार किए गए छह आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है।1. हुल्लेश्वर दास (35 वर्ष), निवासी ग्राम पोकसरी, थाना बतौली, जिला सरगुजा।2. देवकरण दास उर्फ विजय दास (26 वर्ष), निवासी ग्राम जामडीह, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा।3. विकास दास (23 वर्ष), निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा।4. शांतुदास (30 वर्ष) निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा।5. शारदा चौहान (37 वर्ष), निवासी तकिया रोड, अंबिकापुर, जिला सरगुजा।6. सोनू कुमारी (25 वर्ष) निवासी ग्राम खोरमा, प्रतापपुर, जिला सूरजपुर।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा, सुनील विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी तथा आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर और रजनीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











