रांची: झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल है। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
स्कूटी सवार की मदद के लिए जुटे थे ग्रामीण, तभी हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार का वाहन अनियंत्रित हो गया और वह सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। उसे बचाने के लिए आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। कुछ युवक झाड़ियों में फंसे व्यक्ति को निकालने में जुटे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े थे।
इसी बीच तोरपा की दिशा से तेज गति में आ रहा 18 चक्का ट्रेलर वहां पहुंचा और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे में लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला।
एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान
दुर्घटना में बिरसा नायक के परिवार को बड़ा नुकसान हुआ है। उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक साल के नाती सौरभ नायक की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों की पहचान मान्दू देवी, पाको देवी, तूती कुमारी और गोलू कुमार के रूप में हुई है।
घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, घायलों में एक बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है।
तीखे मोड़ और कम रोशनी को हादसे की वजह मान रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने हादसे को बेहद दुखद बताया। एसपी के अनुसार, कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद ग्रामीण मदद के लिए सड़क पर पहुंचे थे। घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण ट्रेलर चालक को सड़क किनारे खड़े लोग दिखाई नहीं दिए। इसी वजह से यह दुर्घटना हुई।
ट्रेलर जब्त, चालक और खलासी की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










