वाराणसी। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। यहां जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन के संबंध में अभी औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। यदि सहमति नहीं बनती है तो उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
गठबंधन पर सहमति नहीं बनी तो अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी
जनसभा में चिराग पासवान ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को देश के किसी भी हिस्से से चुनाव लड़ने का अधिकार देता है। ऐसे में किसी व्यक्ति के दूसरे राज्य में चुनाव लड़ने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि एक नेता की जिम्मेदारी है कि वह खुद आगे रहकर नेतृत्व करे और अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दे। उसे कार्यकर्ताओं के अधिकार छीनने के बजाय उन्हें टिकट देकर चुनाव लड़ने का मौका देना चाहिए।चिराग ने कहा कि उनकी पार्टी का केंद्र में गठबंधन है। बिहार में भी वह एनडीए सरकार के साथ है और गठबंधन के तहत चुनाव लड़ चुकी है। वहां उनके विधायक हैं, जबकि नागालैंड में भी पार्टी के दो विधायक हैं।उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को लेकर अभी गठबंधन के संबंध में औपचारिक बातचीत नहीं हुई है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि सहमति बन जाएगी। यदि ऐसा नहीं होता है तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है।
अखिलेश यादव पर भी चिराग ने उठाए सवाल
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने में विश्वास नहीं रखती और वह ऐसी राजनीति का समर्थन नहीं करते।सपा प्रमुख अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि एक नेता को सेनापति की भूमिका निभाते हुए अपनी पूरी टीम का मार्गदर्शन करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अखिलेश यादव को हार का डर है या पार्टी के प्रदर्शन की चिंता सता रही है?चिराग ने महाराष्ट्र के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष को आशंका है कि लोकसभा चुनाव में मिले समर्थन के बाद विधानसभा चुनाव में जनता उसका साथ नहीं देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान झूठ फैलाकर वोट हासिल किए गए थे।
बनारस की जनता से समर्थन मिलने की उम्मीद
वाराणसी के विकास का मुद्दा उठाते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यहां की जनता ने प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने उन लोगों को भी मौका दिया, जो बनारस के विकास की बात करते थे, लेकिन उनके अनुसार शहर के विकास के लिए अपेक्षित काम नहीं हुआ।उन्होंने उम्मीद जताई कि काशी की जनता उनकी पार्टी को भी मौका देगी। जनसभा में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखाई दिया।
कार्यकर्ताओं ने यूपी में पार्टी के प्रदर्शन का जताया भरोसा
सभा में पहुंचे एक पार्टी कार्यकर्ता ने कहा कि बिहार, झारखंड और नागालैंड में पार्टी ने जिस तरह प्रदर्शन किया है, उसी तरह अब उत्तर प्रदेश में भी अपना प्रभाव दिखाएगी। कार्यकर्ता ने कहा कि पार्टी का हेलीकॉप्टर अब यूपी में उतर चुका है और विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाएगा।उसने यह भी कहा कि चिराग पासवान ने मंच से सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की बात कही है, जिससे संगठन के लोगों में उत्साह है।









