रायपुर :  केनाल लिंकिंग रोड पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। शासन ने अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से इस मार्ग पर पुल की मांग कर रहे स्थानीय रहवासियों के लिए यह महत्वपूर्ण फैसला है।

49.52 करोड़ रुपये होंगे खर्च

प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण करीब 49.52 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसकी लंबाई 1.04 किलोमीटर और चौड़ाई 8.50 मीटर होगी। यह दो लेन का पुल होगा। इसके बनने के बाद मुख्य सड़क से गुजरने वाला यातायात ऊपर से निकलेगा, जबकि नीचे की सड़क का इस्तेमाल कॉलोनियों के स्थानीय वाहन कर सकेंगे।इस परियोजना से अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर समेत छह वार्डों के एक लाख से अधिक लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

स्कूल के समय बढ़ जाती है जाम की समस्या

फिलहाल इस मार्ग पर मुख्य सड़क का ट्रैफिक और आसपास की कॉलोनियों से निकलने वाले वाहन एक ही रास्ते पर आ जाते हैं। द्रोणाचार्य स्कूल के आसपास सुबह और दोपहर के समय स्कूल बसों तथा अभिभावकों की गाड़ियों की आवाजाही से दबाव और बढ़ जाता है।अधिकारियों के मुताबिक, ओवरब्रिज बनने से अमलीडीह चौक पर यातायात का दबाव कम होगा। मुख्य सड़क से गुजरने वाले वाहनों को बार-बार सिग्नल पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और नीचे की सड़क पर स्थानीय आवागमन भी सुगम हो सकेगा।

दो महीने में टेंडर जारी करने की तैयारी

केनाल लिंकिंग रोड से जुड़ी कॉलोनियों के निवासी पिछले कई वर्षों से ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे। तकनीकी अड़चनों के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अब अक्टूबर 2026 में इसे अंतिम मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की तैयारी है।अधिकारियों के अनुसार, अगले दो महीने के भीतर परियोजना का टेंडर जारी किया जा सकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!