

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जून को केरल पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यदि वर्तमान मौसम परिस्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं तो बुधवार को मानसून के आधिकारिक आगमन की घोषणा की जा सकती है। सामान्यतः मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस वर्ष इसमें कुछ दिनों की देरी हुई है।
मानसून के आगमन को देखते हुए मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर और मलप्पुरम जिलों में बुधवार और गुरुवार को भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं पथानामथिट्टा और कोझिकोड जिलों में भी तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में 11 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा होने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज रहेंगी। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
आईएमडी ने बताया कि 3 से 8 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में 3 से 6 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है। पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।




















