
देवास : जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के अभियान के दौरान एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई। रविवार, 1 नवंबर 2026 की देर रात शराब से भरे ट्रक का पीछा कर रही पुलिस टीम के साथ यह हादसा हुआ। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ट्रक को रोकने पहुंचे थे, तभी चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। इस दौरान वे नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसपी ने बनाई थीं पांच से ज्यादा टीमें
जानकारी के मुताबिक, देवास एसपी आदित्य मिश्रा को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से एक ट्रक में अवैध शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की गई थीं। अभियान में कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस को आशंका थी कि ट्रक इंदौर के रास्ते गुजरात पहुंचाया जाएगा। इसी के चलते अलग-अलग स्थानों पर निगरानी और नाकाबंदी की गई थी। पुलिस टीम लगातार ट्रक का पीछा कर रही थी।
चालक को पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हरदा-नेमावर हाईवे पर चालक ने पानी पीने के लिए ट्रक रोका था। इसी दौरान खातेगांव टीआई दिलीप पुरी उसे पकड़ने पहुंचे और ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच झूमाझटकी शुरू हो गई।
आरोप है कि चालक ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए ट्रक आगे बढ़ाने की कोशिश की। इसी दौरान टीआई नीचे गिर गए और वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से निकल गया। हादसे में उनकी जान चली गई।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक नंबर MP 43 H 4786 को जब्त कर लिया है। वाहन में शराब लदी हुई थी। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
दबिश में शामिल अधिकारियों के मुताबिक, शराब तस्करी के मामले में हरदा निवासी राहुल जायसवाल का नाम सामने आया है। देवास के कुछ तस्करों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है। घटना की खबर मिलते ही एसपी आदित्य मिश्रा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।










