कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री मिली है। उत्तर बस्तर के माचपल्ली के जंगलों में पुलिस और BSF की संयुक्त टीम ने हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया। बरामद IED समेत विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक दस्ते (BDS) ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। पूरा मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है।

सर्चिंग के दौरान मिला नक्सल डंप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिस और BSF की संयुक्त टीम छोटेबेठिया के जुराहान मेहड़ा और माचपल्ली के जंगलों में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में नक्सलियों का डंप मिला। जांच करने पर वहां हथियार, विस्फोटक और कई अन्य उपयोगी सामग्री बरामद हुई।

दो भरमार बंदूक समेत कई सामान बरामद

पुलिस, BSF और BDS की संयुक्त टीम को डंप से कुल दो भरमार बंदूक, करीब 2 किलो का एक IED पैकेट और 24 BGL सेल मिले। इसके अलावा एक वायरलेस सेट, चार पाउच, एक GPS, 14 पटाखे और एक फोटो कार्ट्रिज भी बरामद किया गया।जवानों को मौके से दवाइयां, नक्सल साहित्य और अन्य सामग्री भी मिली। बरामद IED और दूसरे विस्फोटक पदार्थों को BDS टीम ने सुरक्षा प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया।

सीमावर्ती इलाकों में अभियान जारी

कांकेर पुलिस नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चला रही है। सुरक्षा बलों का कहना है कि इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!