पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे पांच दोस्तों की कार पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के बेटे विदित ओलक भी शामिल थे। विदित गायक हनी सिंह के भतीजे थे।

मृतक दूसरे युवक की पहचान आरव तलवाड़ के तौर पर हुई है। वह पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे थे। हादसे की खबर सामने आने के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर दुख जताया। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने लिखा कि यह उनके लिए दुखों से भरा दशक है और भतीजे को खोने का दर्द बेहद तकलीफदेह है। उन्होंने भोलेनाथ से कृपा बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

सफाई कार्य के लिए फ्लाईओवर पर खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली

बारादरी थाना प्रभारी साहिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को रविवार सुबह करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम को पता चला कि नगर निगम के सफाईकर्मी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कचरा जमा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी की गई थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के समय कार में पांच युवक सवार थे।

तीन दोस्तों की बची जान, परिवारों ने कार्रवाई से किया इनकार

टक्कर में विदित ओलक और आरव तलवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार बाकी तीन युवक सुरक्षित बच गए। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद तीनों युवक अपने घर चले गए थे।

पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर जरूरी प्रक्रिया पूरी की और बाद में परिजनों को सौंप दिए। थाना प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि दोनों परिवारों ने मामले में आगे कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!