
जशपुर/पत्थलगांव: जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर में घरेलू विवाद के दौरान एक पति द्वारा अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मामूली बात पर आक्रोशित पति ने मोटरसाइकिल के पहिए का नट खोलने वाले लोहे के रिंग पाना से पत्नी के सिर पर लगातार तीन वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम झक्कड़पुर निवासी करम साय तिर्की अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नबिना तिर्की ने उससे पूछ लिया कि वह क्या खोज रहा है। इस बात पर आरोपी आक्रोशित हो गया और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे के रिंग पाना से उसके सिर पर लगातार तीन बार हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर में तीन जगह गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया। इसके बाद 4 अगस्त को पीड़िता के परिजन जयराम तिर्की ने पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। पुलिस ने पीड़िता, प्रार्थी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। इधर, घटना के बाद से आरोपी करम साय तिर्की फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में देखा गया है। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस की टीम ने गांव पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी करम साय तिर्की (36 वर्ष), निवासी बंधनपारा, झक्कड़पुर को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का रिंग पाना भी बरामद कर जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव एवं प्रधान आरक्षक सुभाष नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।











