
इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र की राजकमल रेसीडेंसी में बिजली विभाग के एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान निर्मल राजपूत के रूप में हुई है। सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस को एक फ्लैट में शव मिलने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शव करीब 12 घंटे पुराना हो सकता है। मौत की असल वजह का पता लगाने के लिए शव को जिला अस्पताल भेजा गया है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के शरीर पर चोट के हल्के निशान मिले हैं। हालांकि, ये निशान किन परिस्थितियों में आए, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
महिला मित्र के फ्लैट में मिला शव, हिरासत में लेकर पूछताछ
जांच के दौरान पता चला कि निर्मल राजपूत जिस फ्लैट में मृत मिला, वहां एक महिला रहती है। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति से अलग रह रही है और निर्मल उसका परिचित था। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। देर रात तक उससे पूछताछ जारी रही, लेकिन फिलहाल मामले से जुड़ी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस को सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी कुछ अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में निर्मल सोसायटी के पिछले रास्ते से अंदर आता दिखाई दे रहा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह फ्लैट में किस समय पहुंचा और उसके बाद वहां क्या घटनाक्रम हुआ।
बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था निर्मल
निर्मल राजपूत मूल रूप से बागड़दा, एरोड्रम क्षेत्र का निवासी था। वह मध्य प्रदेश बिजली विभाग में लाइनमैन के तौर पर काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, मामला संदिग्ध है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।




















