सूरजपुर:  दुर्गा पूजा, दशहरा पर्व एवं मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सूरजपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए थे।

इसी तारतम्य में शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव ने सूरजपुर नगर के समस्त दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों एवं पदाधिकारियों की बैठक लेकर पर्व के दौरान सुरक्षा, शांति एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, दशहरा उत्सव तथा मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किया।

शांतिपूर्ण आयोजन में समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण

बैठक में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों को श्रद्धा, उत्साह एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराएं। आयोजन स्थलों पर भीड़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सके और सभी लोग बिना किसी परेशानी के अपने घर लौट सकें।उन्होंने गरबा एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित करने तथा सार्वजनिक मार्गों पर गरबा नहीं खेलने की समझाइश दी, ताकि आम नागरिकों, राहगीरों एवं आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखने, पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था का रखें विशेष ध्यान

मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के संबंध में समितियों को निर्देशित किया गया कि विसर्जन निर्धारित एवं सुरक्षित मार्गों से व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित रखने, जुलूस को अनुशासित ढंग से आगे बढ़ाने तथा मार्ग में अनावश्यक रुकावट या जाम की स्थिति निर्मित नहीं होने देने पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी, तालाब अथवा अन्य जलाशयों के आसपास सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई।

डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का नियमों के अनुरूप करें उपयोग

बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे के उपयोग को लेकर भी आवश्यक समझाइश दी गई। दुर्गा पूजा, दशहरा एवं विसर्जन के दौरान डीजे तथा लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित नियमों, समय-सीमा एवं ध्वनि मानकों के अनुरूप ही करने को कहा गया। ध्वनि प्रदूषण से आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार व्यक्तियों को होने वाली परेशानी का ध्यान रखते हुए निर्धारित सीमा का पालन करने की अपील की गई। आयोजकों को यह भी समझाया गया कि उत्सव के दौरान उत्साह और उल्लास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी एवं दूसरों की सुविधा का ध्यान रखना आवश्यक है।

यातायात नियमों का पालन करें, मार्ग अवरुद्ध न होने दें

बैठक में यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय ने दुर्गा पूजा, दशहरा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सभी दुर्गा पूजा समितियां यह सुनिश्चित करें कि पूजा पंडालों एवं विसर्जन मार्गों पर आवागमन बाधित न हो। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न किए जाएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान यातायात नियमों का पालन किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक रास्तों को अवरुद्ध न करें, ताकि आम नागरिकों के साथ-साथ एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को आवागमन में परेशानी न हो। यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा पुलिसकर्मियों के साथ समन्वय बनाकर चलने से भीड़ और जाम की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है। इस दौरान दुर्गा पूजा समिति के सदस्य विनोद मित्तल, राहुल केजरीवाल, दिनेश साहू, गुलशन साहू, अशोक साहू, पार्षद प्रमोद तायल, प्रवीण अग्रवाल, पियुश सोनी, सुमित ठाकुर, सूरज, बंटी ठाकुर मौजूद रहे।

सूरजपुर पुलिस की अपील, आस्था के साथ अनुशासन भी जरूरी

सूरजपुर पुलिस ने नगरवासियों एवं दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि दुर्गा पूजा, दशहरा एवं मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन को शांति, सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं अनुशासन के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, विवाद की स्थिति निर्मित न होने दें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करना नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आयोजकों एवं आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!