
छत्तीसगढ़ : डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक चलाने, तेज हॉर्न बजाकर श्रद्धालुओं को परेशान करने और मना करने पर विवाद करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। तीनों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। नवरात्रि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 1200 पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है।
तेज रफ्तार बाइक और हॉर्न से श्रद्धालुओं को कर रहे थे परेशान
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को नवरात्रि के मद्देनजर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान नुकेश यादव (22), आकाश ठाकुर (19) और हरपीत पटेल एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार से वाहन चलाते और तेज हॉर्न बजाते हुए श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे।जब श्रद्धालुओं ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो तीनों विवाद करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक, युवक आक्रोशित हो गए और मारपीट पर उतारू हो गए। इससे मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई।
BNSS की धाराओं के तहत कार्रवाई, एसडीएम न्यायालय में पेश
स्थिति को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।कार्रवाई के दायरे में आए युवकों में नुकेश यादव और आकाश ठाकुर निवासी आरी तथा हरपीत पटेल निवासी झिटिया, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव शामिल है।
नवरात्रि में 1200 जवान संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी
डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए है। एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार, मेले के दौरान करीब 1200 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। अंजोरा से डोंगरगढ़ तक प्रमुख पदयात्री मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी। मंदिर की सीढ़ियों पर भी चौबीसों घंटे पुलिस बल मौजूद रहेगा, ताकि पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में भक्त पैदल यात्रा कर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचते है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख रास्तों से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई, हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल और रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में तीन युवकों के खिलाफ की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है।पुलिस ने श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थल पर शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि तेज रफ्तार से वाहन चलाने, अनावश्यक हॉर्न बजाकर लोगों को परेशान करने या समझाइश के बाद भी विवाद करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नही किया जाएगा।




















