नई दिल्ली। मुंबई से दिल्ली पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और उनके दो सहयोगियों को दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया। पुलिस की टीम विमान के लैंड करते ही अंदर पहुंच गई और तीनों को अपने साथ ले गई।

जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके के साथ सौरभ दास और आशुतोष रांका भी दिल्ली पहुंचे थे। विमान के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद दिल्ली पुलिस के जवान अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने तीनों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने उन्हें विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी। इसी वजह से पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर जाकर प्रदर्शन करने से रोकने की कार्रवाई की।

'मैं गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए'

विमान के अंदर पुलिस की कार्रवाई के दौरान अभिजीत दिपके ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से कहा कि वह दिल्ली गिरफ्तार होने के लिए आए हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए। इस पर पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया कि यह गिरफ्तारी नहीं है और उनसे सहयोग करने की अपील की।

फिलहाल, इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर स्थिति चर्चा में है। पुलिस की कार्रवाई के संबंध में आगे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!