
बलरामपुर: उपमुख्यमंत्री अरुण साव कल 08 अक्टूबर को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रवास पर रहेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री साव और कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में जिलेवासियों को 121 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक लागत के 49 विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। इनमें 93 करोड़ 4 लाख रुपये के 41 कार्यों का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 30 लाख रुपये के 8 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पण होने वाले कार्यों में पेयजल को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 66 करोड़ 92 लाख रुपये की 35 जल प्रदाय योजनाओं से कुसमी, राजपुर, शंकरगढ़, बलरामपुर, रामचन्द्रपुर और वाड्रफनगर विकासखंड के गांवों में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचेगा। 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से गलफुल्ला, सुखरी पांगन और छोटी पांगन नदियों पर बने चार उच्चस्तरीय पुल दूरस्थ अंचलों को बारहमासी आवागमन से जोड़ेंगे। इसके साथ 75 लाख रूपये की लागत से अमरावतीपुर में हाईस्कूल भवन और 95 लाख रूपये की लागत से नगर पालिका बलरामपुर की 23 व्यावसायिक दुकानों का भी लोकार्पण होगा।
शिलान्यास कार्यों में इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदियों पर 18 करोड़ 31 लाख रुपये के चार उच्चस्तरीय पुल प्रमुख हैं। राजपुर विकासखंड में 4 करोड़ 75 लाख रुपये की 4 किलोमीटर सड़क और 1 करोड़ 21 लाख रूपये की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजपुर के नए भवन की आधारशिला रखी जाएगी। नगर पालिका बलरामपुर में 3 करोड़ 67 लाख रुपये के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और 35 लाख की लागत से मुक्तिधाम निर्माण का भी शिलान्यास होगा। इन कार्यों से जिले में पेयजल, सड़क-पुल संपर्क, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री साव विश्रामगृह रामानुजगंज में विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा स्व. सूर्यप्रकाश नेताम स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल होंगे।




















