अम्बिकापुर: सरगुजा जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस, परिवहन, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम ने बुधवार को विभिन्न ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में संयुक्त टीम ने रिंग रोड अम्बिकापुर, बनारस रोड, खरसिया नाका, अम्बिकापुर-बतौली मेन रोड NH-43 और प्रतापपुर रोड समेत अन्य चिन्हांकित स्थानों का मौके पर जाकर जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने इन मार्गों पर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की समीक्षा की और सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुधारों पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर तकनीकी सुधार, दुर्घटना संभावित क्षेत्र की चेतावनी देने वाले बोर्ड, स्पीड लिमिट बोर्ड, सड़क संकेतक तथा अन्य सुरक्षा उपायों की आवश्यकता वाले स्थानों को चिन्हांकित किया गया। साथ ही कुछ स्थानों पर डामरीकरण एवं सड़क की स्थिति में सुधार की जरूरत भी देखी गई।संयुक्त टीम ने निरीक्षण के आधार पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों की रिपोर्ट तैयार की है। संबंधित विभागों के समन्वय से चिन्हांकित स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई किए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।निरीक्षण के दौरान यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त्य, उप निरीक्षक ए.टी. द्विवेदी, iRAD/e-DAR डीआरएम शिवराम परिडा, एसडीओ एनएच निखिल लकड़ा, पीडब्ल्यूडी उप अभियंता महेश साहू, मणीपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, पीडब्ल्यूडी उप अभियंता सरिता ठाकुर, पल्लवी दुबे, प्रमोद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!