
सूरजपुर: पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा द्वारा दिनांक 29 व 30.09.2026 को जिला सूरजपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम पुलिस महानिरीक्षक द्वारा रक्षित केंद्र सूरजपुर में परेड कि सलामी ली गई। तत्पश्चात परेड का निरीक्षण किया। परेड निरीक्षक दौरान आईजी द्वारा प्रत्येक अधिकारी/कर्मचारीयों के टर्नआउट का निरीक्षण किया। वेशभूषा उत्कृष्ट पाए जाने पर अधिकारी/कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। डाग स्क्वार्ड का जायजा लेते हुए डाग मास्टर को डाग के खानपान, ट्रेनिंग और समय-समय पर उपचार कराने के निर्देश दिए।वार्षिक निरीक्षण दौरान रेंज आईजी ने शासकीय वाहनों का निरीक्षण कर वाहन चालक आरक्षकों का समय-समय पर नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराने, निर्धारित समय पर वाहनों का सर्विसिंग कराने, दुर्घटना से बचाव के लिए वाहनों में रेडियम लगवाने और वाहन के बेहतर रख-रखाव के निर्देश दिए। शासकीय वाहनों की अद्यतन स्थिति, रख रखाव एवं लॉक बुक सहित उनके दस्तावेजों का विस्तृत अवलोकन किए। इस दौरान रिकॉर्ड संधारण को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
रक्षित केन्द्र के आर्म्स शाखा, स्टोर शाखा एवं मैग्जीन रूम का निरीक्षण
रक्षित केंद्र के स्टोर शाखा में रखे सामग्रियों के रख रखाव एवं सही समय पर जवानों को वितरण हेतु निर्देश दिए एवं अन्य उपयोगी उपकरणों का जायजा लेते हुए समय पर मरम्मत कराने एवं मेंटेन रखने हेतु निर्देश दिए। साथ ही आर्म्स शाखा का भी निरीक्षण कर हथियारों को सुरक्षित रखने तथा नियमित रूप से साफ सफाई व मेंटेन रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मैग्जीन रूम, एनडीपीएस का मालखाना का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
दरबार में आईजी सरगुजा ने सुनी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के सतत मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के नेतृत्व में रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी द्वारा रक्षित केन्द्र सूरजपुर में पुलिस दरबार का आयोजन किया गया। पुलिस दरबार में पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने अधिकारी एवं कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। दरबार के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष रखा। आईजी सरगुजा ने प्रत्येक समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनके निराकरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर निराकरण होने से वे और अधिक उत्साह एवं मनोबल के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे। अधिकारी व जवानों को फिटनेश पर ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि यदि हम स्वस्थ्य नहीं है तो जनता की सेवा और सुरक्षा कैसे करेंगे। स्वास्थ्य पर ध्यान देने और खेलकूद-फिजिकल एक्टिविटी में भाग ले।
आईजी सरगुजा ने सभी को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली का सीधा प्रभाव आमजन के बीच पुलिस की छवि एवं विश्वास पर पड़ता है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से निर्वहन करते हुए आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने तथा अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने पुलिसिंग में सतर्कता, अनुशासन एवं सकारात्मक कार्यशैली को प्राथमिकता देने की बात कही।
आईजी सरगुजा ने फलदार वृक्ष का पौधारोपण किया
आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा व पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने पुलिस लाईन में फलदार वृक्ष का पौधारोपण किया। इस दौरान आईजी ने रक्षित निरीक्षक को रोपे गए पौधे की देखभाल करने और पुलिस लाईन में व्यापक रूप से वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए और कहा कि पेड-पौधों पर ही हमारा जीवन निर्भर है, हम सभी को एक-एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने पिछले वर्ष लगाए गए पौधे का भी जायजा लिया।
जनता की सेवा, सुरक्षा एवं उनके शिकायतों को प्राथमिकता में रखें और करें निराकरण
आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की सेवा, सुरक्षा एवं उनके शिकायतों को प्राथमिकता में रखे और निराकरण समय पर करें, इसमें कोई भी लापरवाही न बरते, पूरी ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करें, कोई भी निर्दाेष व्यक्ति के विरूद्ध कार्यवाही न हो यह सुनिश्चित करें, नशे के अवैध कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाए, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों से सख्ती से निपटे और जिले में बेहतर पुलिसिंग करें। उन्होंने कहा कि आज साइबर अपराध एक बड़ी समस्या है जिससे निपटने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करें, तकनीकी क्षेत्र में अपना ज्ञान बढ़ाये, कोई भी कठिन कार्य करने से हमेशा नए चीजे सीखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के मार्गदर्शन में जिले में अपराध निराकरण और शिकायतों का निकाल काफी अच्छी है, यहां पुलिस की अच्छी टीमवर्क है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, आईजी स्टेनो जया भारद्धाज, रीडर रेशम लाल साहू, जिले के थाना-चौकी प्रभारी व अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे।
आईजी द्वारा थाना प्रतापपुर व एसडीओपी प्रतापपुर कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने मंगलवार, 29 सितम्बर 2026 को थाना प्रतापपुर का निरीक्षण किए। जहाँ उन्होंने थानों में संधारित पंजियों, शस्त्रागार, मालखाना और सीसीटीएनएस कक्ष का बारीकी से अवलोकन किए। थाना के लंबित अपराध एवं शिकायतों का जायजा लेते हुए समय सीमा में निकाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि अपराधों के निराकरण में तेजी लाए, जप्ती माल का निराकरण जल्द कराए, अपराध की रोकथाम एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर सतत निगरानी रखे, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखे। इसके अलावा उन्होंने ने एसडीओपी प्रतापपुर कार्यालय का भी निरीक्षण किया जहां उन्होंने कार्यालय के दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया और सुधार के निर्देश दिए।



















