
अंबिकापुर: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सरगुजा पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्त कार्रवाई की है। यातायात शाखा और थाना बतौली पुलिस की कार्रवाई में शराब के नशे में वाहन चलाते मिले पांच चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, यातायात शाखा की टीम ने चेकिंग के दौरान चार वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। इनमें सौरभ गर्ग निवासी अग्रसेन वार्ड अंबिकापुर, चंद्र प्रकाश गुप्ता निवासी बलरामपुर, लाल अवधेश निवासी लक्ष्मणगढ़ थाना उदयपुर और राहुल दास निवासी बंगालीपारा अंबिकापुर शामिल हैं। चारों चालक स्कूटी और मोटरसाइकिल से सफर कर रहे थे। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।इसी तरह थाना बतौली पुलिस ने चिरगा निवासी अखिलेश्वर सिंह को मोटरसाइकिल चलाते समय शराब के नशे में पकड़ा। जांच के बाद उनके खिलाफ भी धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस ने पांचों मामलों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। माननीय न्यायालय ने प्रत्येक वाहन चालक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस तरह पांचों मामलों में कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का गंभीर कारण बन सकता है। इसी को देखते हुए सरगुजा पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना बतौली प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।



















