
छत्तीसगढ़ : सुकमा और बस्तर में लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। निचले क्षेत्रों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बने राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। हालात का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुकमा और जगदलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने के साथ राहत शिविरों में रह रहे लोगों से भी मुलाकात करेंगे। वे वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेंगे और अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा करेंगे।
सुबह सुकमा के लिए रवाना होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक विष्णुदेव साय सुबह 10:20 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा पुलिस ग्राउंड हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। इसके करीब 10 मिनट बाद सुबह 10:30 बजे वे हेलीकॉप्टर से सुकमा के लिए रवाना होंगे।मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:50 बजे सुकमा पहुंचेंगे। यहां उनका फोकस बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों और वहां चल रहे राहत कार्यों पर रहेगा।
सुकमा में हवाई और जमीनी निरीक्षण
लगातार बारिश के कारण सुकमा के कई निचले इलाकों में पानी जमा है। मुख्यमंत्री पहले प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे और इसके बाद जमीनी स्तर पर हालात का जायजा लेंगे।इसके बाद वे राहत शिविरों में पहुंचकर वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत करेंगे। शिविरों में भोजन, पेयजल, दवाओं और दूसरी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली जाएगी।
अधिकारियों के साथ राहत कार्यों की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री प्रभावित लोगों से उनकी समस्याएं जानने के साथ मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देंगे। बाढ़ की स्थिति और प्रभावित परिवारों तक जरूरी मदद पहुंचाने को लेकर प्रशासन की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी।
दोपहर में जगदलपुर का करेंगे दौरा
सुकमा के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां भी वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और राहत शिविरों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:50 बजे से शाम 3 बजे तक मुख्यमंत्री जगदलपुर के प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का जायजा लेंगे। इस दौरान जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा भी की जाएगी।
शाम को रायपुर लौटेंगे CM
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुकमा और जगदलपुर में निरीक्षण एवं समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे। उनका हेलीकॉप्टर शाम 5:15 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पर पहुंचेगा। इसके बाद शाम 5:25 बजे वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।




















