
बलरामपुर: जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर ग्राम कोटरी के एक परिवार के तीन सदस्यों को जिला प्रशासन, पुलिस बल और नगर सेना की संयुक्त टीम ने कन्हर नदी की तेज धार के बीच से सुरक्षित बचा लिया। परिवार बलरामपुर से खरीददारी कर घर लौटते समय शॉर्टकट रास्ते से कन्हर नदी पार कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से अचानक बाढ़ का पानी आता देख वे घबराहट में नदी के बीच एक टापू पर फँस गए।
पुलिस कंट्रोल रूम बलरामपुर को शाम 6:30 बजे घटना की सूचना मिली। जिला प्रशासन की निगरानी में पुलिस बल और नगर सेना की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और बचाव अभियान शुरू किया। नदी का बहाव बेहद तेज होने के बावजूद टीम कड़ी मशक्कत के बाद मोटरबोट से फँसे परिवार तक पहुँची। रात करीब 11:45 बजे तक चले इस अभियान में सरजू राम (60 वर्ष), राजकुमारी (55 वर्ष) और फूलमनिया (35 वर्ष) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह रेस्क्यू अभियान जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में तहसीलदार, थाना प्रभारी, बाढ़ बचाव दल के प्रभारी अखिलेश कुमार, उप निरीक्षक धर्मजीत नेताम तथा नगर सेना के मेजर के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर मौजूद जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव और ग्रामीणों ने बचाव दल की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनते नदी-नालों और जलमग्न रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07831-273002 पर तुरंत संपर्क करें।




















