
अंबिकापुर: हाईस्कूल सीतापुर के पास ज्वेलरी दुकान के सामने स्कूटी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण से भरा बैग उठाकर फरार होने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को ओडिशा के जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पहले ही करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर एक आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को अरुणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान है। घटना के दिन सुबह करीब 11:30 बजे वह स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। दुकान के पास स्कूटी में बैग रखकर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा बैग उठाकर फरार हो गया था। बैग में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी।रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी के ठिकाने से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये, तथा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, बरामद किए थे। कुल बरामद मशरुका करीब 46 लाख रुपये का बताया गया है। मामले में आरोपी दास नागेश्वर को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।इसी दौरान पुलिस टीम को फरार आरोपियों के ओडिशा में होने की जानकारी मिली। संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए संयुक्त टीम ने जिला जाजपुर, ओडिशा से शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू (30) को पकड़ा। आरोपी पुरबो कोट थाना कोरई, जिला जाजपुर, ओडिशा का निवासी है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद प्रकरण में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक मनीष सिंह तथा थाना सीतापुर से प्रधान आरक्षक अखिलेश्वर भगत, आरक्षक मनोहर पैकरा और धनकेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















