
CG News: रायपुर: अगर आप बिना टिकट ट्रेन में सफर करने की सोच रहे हैं तो सावधान हो जाइए. रायपुर रेल मंडल ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. ऐसा हम इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि, 17 सितंबर को भाटापारा रेलवे स्टेशन पर रेलवे ने किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया.
सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में चेंकिंग
चेकिंग के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में एक साथ चेकिंग की गई. चेकिंग में कुल 316 लोग नियम तोड़ते हुए पकड़े गए. इन सभी से रेलवे ने 2 लाख 49 हजार 275 रुपए का जुर्माना वसूला. इसमें -202 लोग बिना टिकट यात्रा कर रहे थे, जिनसे 1,89,800 रुपए वसूले गए. 71 लोग गलत टिकट पर सफर कर रहे थे, जिनसे 50,775 रुपए वसूले गए. 41 लोग ज्यादा सामान लेकर जा रहे थे, जिनसे 4,700 रुपए लिए गए.
अवैध रूप से सामान बेचने वालों पर भी कार्रवाई
वहीं 2 लोग अवैध रूप से सामान बेच रहे थे, जिनसे 4,000 रुपए वसूले गए. रायपुर मंडल के सीनियर DCM डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई. इस टीम में असिस्टेंट कमर्शियल मैनेजर अविनाश कुमार आनंद, 2 कमर्शियल इंस्पेक्टर, 25 टिकट चेकर और 4 RPF जवान शामिल थे. रेलवे का कहना है कि इस चेकिंग का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना है.




















