
Women’s Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन के दम पर विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने श्रीलंका को शिकस्त देकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। हालांकि, खिताब जीतने के बाद हुई प्रेजेंटेशन सेरेमनी ने मुकाबले से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने नहीं पहुंची भारतीय टीम
फाइनल मुकाबले के दौरान एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी स्टेडियम पहुंचे। भारतीय टीम की जीत के बाद वह बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला से भी मिले और उन्हें जीत की बधाई दी।इसके बाद उम्मीद थी कि विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपने के साथ समारोह पूरा होगा। लेकिन प्रेजेंटेशन सेरेमनी में काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से परहेज किया और खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम से बाहर नहीं आए।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला
मोहसिन नकवी से जुड़ा यह घटनाक्रम पहली बार नहीं हुआ है। साल 2025 में पुरुष एशिया कप के फाइनल के बाद भी भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की थी। उस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था।उस समय भी ट्रॉफी को लेकर प्रेजेंटेशन समारोह में विवाद की स्थिति बनी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके बाद से वह ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी कार्यालय में रखी हुई है।
श्रीलंका को मिला रनर-अप अवॉर्ड, भारत की ट्रॉफी पर सस्पेंस
फाइनल के बाद मोहसिन नकवी प्रेजेंटेशन के लिए मंच पर पहुंचे। उन्होंने श्रीलंका की टीम को उपविजेता का पुरस्कार दिया और कप्तान चमारी अट्टापट्टू को रनर-अप का चेक भी सौंपा।हालांकि भारतीय टीम की ओर से ट्रॉफी लेने के लिए कोई खिलाड़ी मंच पर नहीं पहुंचा। आखिरकार विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपे बिना ही प्रेजेंटेशन सेरेमनी समाप्त हो गई। इस घटनाक्रम ने भारत और पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों में जारी तनाव के बीच एक बार फिर नया विवाद खड़ा कर दिया।



















