अंबिकापुर:  नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सरगुजा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 180 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की हैं। जब्त नशीली टैबलेट की अनुमानित कीमत 1 लाख 85 हजार 760 रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 को कोतवाली पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पर्राडांड निवासी इम्तियाज अंसारी (27) होंडा साइन मोटरसाइकिल से नशीली टैबलेट बेचने के लिए अग्रसेन रोड स्थित बैंक के पीछे खेत के पास पहुंचने वाला है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. इम्तियाज अंसारी, निवासी पर्राडांड, अंबिकापुर बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में मौजूद मोटरसाइकिल की तलाशी ली, जिसमें 180 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद हुईं।

पुलिस ने नशीली टैबलेट के साथ तस्करी में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में संलिप्त होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 636/26, धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

सरगुजा पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक केके यादव, आरक्षक नितिन सिन्हा, विवेक राय और शिव राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!