आरा: भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात मंचूरियन खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना में इलाज के लिए ले जाते समय सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। वहीं उसकी 70 वर्षीय दादी और दो भाइयों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।मृत बच्ची की पहचान हसन बाजार निवासी कुंदन कुमार गुप्ता की सात वर्षीय बेटी काव्या कुमारी के रूप में हुई है। बीमार लोगों में उसका 13 वर्षीय भाई बिट्टू कुमार, नौ वर्षीय भाई रोहित कुमार और दादी 70 वर्षीय चंद्रावती कुंवर शामिल हैं।

परिजनों के अनुसार, रिश्ते में लगने वाला एक युवक बाजार से मंचूरियन खरीदकर घर लाया था। परिवार के कई सदस्यों ने उसे खाया। कुछ देर बाद काव्या समेत चार लोगों को पेट दर्द और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते काव्या की हालत गंभीर हो गई।परिजन उसे इलाज के लिए रोहतास जिले के बिक्रमगंज स्थित निजी अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी दादी चंद्रावती कुंवर को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों भाइयों बिट्टू और रोहित का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हसन बाजार थानाध्यक्ष जयराम शुक्ला ने बताया कि मंचूरियन खाने के बाद बच्ची की मौत होने और उसकी दादी व दो भाइयों के बीमार होने की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्ची की मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

काव्या तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और परिवार की लाडली थी। उसके माता-पिता पंजाब के लुधियाना में रहकर एक निजी कंपनी में काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!