{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"resize":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}

कवर्धा:  महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के रायपुर-नागपुर नेशनल हाईवे-53 पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें भंडारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों के बेहतर इलाज के लिए नागपुर में भी आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के 22 लोग बोलेरो वाहन से महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित पोला उत्सव में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार सुबह करीब 3:31 बजे साकोली से लाखनी की ओर जाने वाले मार्ग पर मुंडीपार के पास बोलेरो की एक आयशर वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग वाहन में फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही लाखनी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो को आयशर वाहन से निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पेट्रोल पंप से हाईवे पर आ रहा था आयशर

लाखनी पुलिस के अनुसार आयशर वाहन क्रमांक UP72 BT7974 पेट्रोल पंप से निकलकर हाईवे पर आ रहा था। इसी दौरान साकोली की ओर से लाखनी जा रही महिंद्रा बोलेरो क्रमांक MH49 U9810 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आयशर वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाए जाने की बात कही है। वाहन चालक की पहचान अमर सिंह रामदुलारे यादव (37), निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

कबीरधाम के रहने वाले हैं कई घायल

हादसे में घायल लोगों में गुलशन रमेश वर्मा, रमैया पटेल (30), दरिया पटेल (7), सुभाष विजय वर्मा (5), रितेश विजय वर्मा (3) और मेधा राजकुमार वर्मा (3) शामिल हैं। घायलों में बांधटोला और लोहारा, कबीरधाम क्षेत्र के लोग बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का उपचार भंडारा जिला अस्पताल में जारी है।

सीएम साय ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की टीम भंडारा पहुंच चुकी है और महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर घायलों के इलाज तथा प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जा रही है। गंभीर रूप से घायलों के बेहतर उपचार के लिए नागपुर में भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!